दिल्ली में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के नीचे, उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप शुरू
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस ने नीचे चला गया। यहां पिछले 3 दिनों से शीतलहर जारी है। पंजाब और हरियाणा में भी कुछ ऐसा ही हाल है। यूपी और बिहार में भी तापमान गिरने का सिलसिला जारी है। तमाम जगहों पर कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग ने बताया है कि राजस्थान के चूरू में गुरुवार, 17 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार को दिल्ली का आयानगर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जो 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की पहाड़ियों से बर्फीली हवाएं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की ओर बह रही हैं। इन जगहों पर 12 दिसंबर को भारी बर्फबारी हुई थी। तेज धूप और साफ आसमान के बावजूद शहर के अधिकांश हिस्सों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रहा।
आईएमडी दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक दिल्ली में 18 दिसंबर तक शीत लहर जारी रहेगी। पिछले 3 दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में शीत लहर चल रही है। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर से स्थिति में सुधार होगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई जबकि बाकी जगहों पर मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि सबसे ज्यादा 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गोरखपुर में जबकि सबसे कम तापमान बरेली में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने मौसम शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर कोहरा छाये रहने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में भी पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है। माउंट आबू में तो तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। राजस्थान-गुजरात सीमा पर अरावली रेंज पर स्थित खूबसूरत हिल स्टेशन माउंट आबू में बुधवार रात पारा शून्य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके साथ ही रेगिस्तानी राज्य के कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सीकर में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चुरू में 2.2, श्रीगंगानगर में 2.8, पिलानी में 2.5, भीलवाड़ा में 7.4, अलवर में 6.6, जयपुर में 8.4 और वनस्थली में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कश्मीर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से और नीचे चला गया पर आसमान साफ रहा। बुधवार की रात श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात रही। श्रीनगर में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा जो कि पिछली रात 4.8 डिग्री सेल्सियस था। गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था।
(cvn24.com से सीधे जुड़िए और शेयर कीजिये खबर। अपनी खबर ई-मेल cvn24.media@gmail.com, WhatsApp के इस नंबर 98262 74657 पर या SMS कर सकते हैं।)