मौसम विभाग का अलर्ट- भीषण ठंड की आशंका, बुजुर्ग और बच्चों का रखें ख्याल
नई दिल्ली। शीत लहर के चलते देश के कई हिस्सों का तापमान सामान्य के नीचे चल रहा है। ऐसे में आई मौसम विभाग की चेतावनी डराने वाली है। एडवाइजरी के अनुसार इस साल सबसे भीषण ठंड पड़ने की आशंका है। इसका कारण पहाड़ी इलाकों में बीते 15 दिनों से हो रही भीषण बर्फबारी को बताया जा रहा है।

भारतीय मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत में 29-31 दिसंबर से रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आएगी। इसके बाद दो जनवरी से तापमान में सुधार होना शुरू होगा। भीषण सर्दी की आशंका के चलते मौसम विभाग ने सभी राज्यों के लिए नई एडवायजरी जारी की है। जिसमें लोगों से घर में बुजुर्ग और बच्चों का खास ख्याल रखने के लिए कहा गया है।

विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। 30 और 31 दिसंबर को बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में शीत लहर चलने की चेतावनी भी दी गई है। 28 से 30 दिसंबर के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली शीतलहर चल सकती है।
ये करें
बिना काम घरों से बाहर न निकलें। बाहर जाते समय मास्क जरूर पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। सुबह विटामिन सी से भरपूर फलों का सेवन करें। जुकाम-खांसी होने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें। अस्थमा और दमा के मरीज ज्यादा सावधानी बरतें। नंगे पांव बाहर न घूमें। काढ़े के साथ हल्दी युक्त दूध का सेवन जरूर करें।
(cvn24.com से सीधे जुड़िए और शेयर कीजिये खबर। अपनी खबर ई-मेल cvn24.media@gmail.com, WhatsApp के इस नंबर 98262 74657 पर या SMS कर सकते हैं।)