दिल्ली समेत 5 राज्यों में शीतलहर और कोहरे का बढ़ेगा प्रकोप, ऑरेंज अलर्ट जारी
नई दिल्ली। शीत लहर ने दिल्ली-एनसीआर के साथ समूचं उत्तर भारत में कोहराम मचा दिया है। कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरे का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। राजधानी दिल्ली में आज (बुधवार) को सुबह का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग सुबह घूमने के लिए कम संख्या में निकले। बुजुर्ग और महिलाओं की संख्या काफी कम थी। सिर्फ युवा वर्ग ही नजर आ रहा था।
सुबह राष्ट्रीय राजधानी पूरी तरह घने कोहरे की चादर लपेटे दिखी। बादल छंटने के बाद कोहरे और शीतलहर के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ा। पहाड़ों पर भारी मात्रा में बर्फबारी हो रही है। इसी कारण जम्मू-कश्मीर के साथ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले चार-पांच दिनों तक शीतलहर चल सकती है। दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश भी इस शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं।
IMD के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और दक्षिणी असम में में घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के लिए शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 13-16 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।